रुड़की। उपकारागार के सामने एक कार सवार युवक ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार दो युवकों ने विरोध किया तो आरोपी ने एक युवक का सिर फोड़ दिया। घायल को सरकारी अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया। देर शाम तक कार सवार पक्ष के लोग कोतवाली में समझौता कराने का प्रयास करते रहे। बाद में पुलिस ने बाइक सवार युवक की तहरीर पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
मंगलौर मोहल्ला कटहरा निवासी सुुभम चोपड़ा अपने दोस्त मोहित के साथ सोमवार सुबह रामपुर स्थित कोचिंग आया था। लौटते वक्त उपकारागार के सामने कार चालक करन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवारों ने विरोध किया तो उसने कार से लोहे की राड निकाल कर सुभम चोपड़ा के सिर पर वार किए। इससे वह लहूलुहान हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने किसी तरह आरोपी कार चालक को हिरासत में लिया। पुलिस ने लोहे की राड लगने से घायल हुए सुभम को सरकारी अस्पताल भेजा। देर शाम तक दोनों पक्षों का कोतवाली परिसर में जमावाड़ा लगा रहा। लेकिन समझौता नहीं होने पर पुलिस ने सुभम की तहरीर पर कार चालक करण के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। उधर, कार चालक करन का कहना है कि वह मुजफफनगर से पत्नी के साथ घर लौट रहा था। दोनों कार का पीछा कर रहे थे। इसलिए उसकी कहासुनी हो गई। उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।