ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
पूर्वी अंबर तालाब के रिहायशी इलाके में दुकान के ऊपर चल रहे मोबाइल टॉवर के निर्माण कार्य को आसपास के लोगों ने विरोध करते हुए रुकवा दिया। उन्होंने टॉवर लगने से खतरे की आशंका जताई है। इसी बीच आसपास के लोग एकत्रित होकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मोबाइल टॉवर का निर्माण कार्य रुकवा दिया है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पूर्वी अंबर तालाब में एक भवन के ऊपर मोबाइल टॉवर का निर्माण चल रहा है। सूचना पर बृहस्पतिवार को आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और काम रुकवा दिया। इसी बीच आसपास के लोगों ने कहा कि टॉवर पांचवीं मंजिल पर लगाया जा रहा है। इससे रिहायशी इलाके में खतरा बना रहेगा। घनी आबादी के आसपास स्कूल भी हैं। जहां टॉवर का निर्माण चल रहा है, उसके पास ही रास्ता है। यहां से स्कूली बच्चों और लोगों आवागमन रहता है। मोबाइल टॉवर लगने से हादसा भी हो सकता है।
लिहाजा यहां मोबाइल टॉवर का निर्माण नहीं होना चाहिए। इसके बाद आसपास के लोग कोतवाली पहुंचे और पुलिस को शिकायती पत्र दिया। साथ ही निर्माण कार्य बंद कराने की मांग की। एसएसआई रणजीत तोमर ने बताया कि टॉवर का निर्माण बंद करा दिया गया है। विरोध करने वालों में पूर्व पार्षद चंद्रप्रकाश बाटा, शिव कुमार वर्मा, विनोद कुमार, नमन सचदेवा, अनिल वालिया, सुलोचना, शशि, प्रेमनाथ, मोहन कुमार, सुदेश कुमार, संजीव कुमार, सुमन वर्मा, पर्थ बाटा, अशोक कुमार, सागर चौरसिया, बारात नौटियाल शामिल रहे।