ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर तीन और चोरी की बाइकें बरामद की हैं। दोनों चोर शादी समारोह से बाइक चोरी करके बाद में उसे बेच देते थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित सलेमपुर गांव के पास बृहस्पतिवार की रात पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक बाइक पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रोक लिया। पुलिस ने बाइक के कागज दिखाने की बात कही तो वह घबरा गए। पुलिस ने उनसे सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि बाइक चोरी की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और कोतवाली ले आई। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह पहले भी कई बाइकें चोरी कर चुके हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की तीन और बाइकें बरामद की। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि पकड़े गए दोनों युवक अभिषेक पुत्र राकेश निवासी ग्राम छापुर, थाना भगवानपुर (हरिद्वार), मोहन पुत्र प्रदीप कुमार निवासी झबरेड़ी, थाना झबरेड़ा (हरिद्वार) के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि अभिषेक को कुछ माह पहले सहारनपुर के गागलहेड़ी थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तमंचे के साथ गिरफ्तार किया था। अभिषेक पर लूट और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मोहन बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है और वर्तमान में रुड़की के सुभाषनगर में रह रहा था। अभिषेक ने पूछताछ में बताया कि उसे पैसे की जरूरत थी। रुहालकी गांव में एक विवाह समारोह में उसकी मोहन से मुलाकात हुई थी। अभिषेक ने पैसे की तंगहाली दूर करने के लिए मोहन के साथ बाइक चोरी करने की बात कही थी। इसके बाद उन्होंने बाइक चोरी करना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस टीम में एसएसआई रणजीत तोमर, एसआई संजीव ममगाईं समेत कपिल, आशुतोष तिवारी व पवन शामिल रहे।