ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
लाखों की चोरी के दो साल पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी नौकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने के गहने भी बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के अकोढ़ा खुर्द निवासी राजवीर पुत्र तुगल सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उन्होंने यूपी के बुलंदशहर के थाना बीबीनगर के खर खाली निवासी सुरेंद्र शर्मा उर्फ पप्पू को अपने यहां काम पर रखा था। 27 अप्रैल 2017 को वह अपनी पत्नी आदेश देवी को दवा दिलाने के लिए बाहर गए थे जबकि नौकर घर पर था। आरोप था कि उनकी गैरमौजूदगी में नौकर ने घर से चार लाख की कीमत से अधिक के सोने के गहने, एक लाख की नकदी चोरी कर फरार हो गया था।
मुकदमा दर्ज कर पुलिस तभी से आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी बीच बृहस्पतिवार को राजवीर को पता चला कि पप्पू किसी काम से लक्सर आया है। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से सोने की अंगूठी और गले का हार भी बरामद हुआ है। एसआई लक्ष्मण दत्त जोशी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।