ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
भूलवश गलत ट्रेन में चढ़ने का पता चलने पर बुजुर्ग ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इस दौरान वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच में फंस गए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जीआरपी ने बताया कि परिजनों के मुताबिक, यूपी के बिजनौर जनपद के नजीबाबाद निवासी सुरजीत सिंह (65) को शनिवार पंजाब जाना था। इसलिए वह शनिवार तड़के लक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बुजुर्ग ट्रेन में सवार हुए और गाड़ी चलने पर उतरने लगे। पैर फिसलने से वह कोच और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह लाहौरी एक्सप्रेस समझकर पहले से खड़ी डिबरूगढ़ एक्सप्रेस में सवार हो गए। गाड़ी चलने पर उन्हें गलत ट्रेन में चढ़ने का पता चलने पर उतरते वक्त वह हादसे का शिकार हो गए। सूचना पाकर जीआरपी ने शव को कब्जे में लिया। जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी शिनाख्त हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बदहवास परिजन भी लक्सर रेलवे स्टेशन पहुंच गए। उधर, जीआरपी थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।