ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
20 साल पहले पुलिस टीम पर फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कोर्ट से जमानत मिलने के बाद से ही फरार था। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कोतवाली की राशि चौकी पुलिस मई 1999 मे रात्रि गश्त कर रही थी। इसी बीच पुलिस टीम ने लक्सर रायसी मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा तो उसे रोकने का प्रयास किया। लेकिन वह पुलिस को देखकर जंगल में भागने लगा। पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की थी तो आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। लेकिन बाद में कोतवाली पुलिस ने मौके पर अन्य पुलिस बल बुलाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में तत्कालीन रायसी चौकी प्रभारी एसपी वर्मा ने आरोपी धीरा उर्फ धीर सिंह पुत्र अतर सिंह निवासी तोफिर थाना भोपा जिला मुजफ्फरनगर यूपी के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने व अवैध हथियार रखने की धारा में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया था। सालभर बाद आरोपी को कोर्ट से जमानत मिल गई। लेकिन इसके बाद आरोपी अपनी संपत्ति बेचकर फरार हो गया था। उसके बाद से ही पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस को जानकारी मिली थी कि आरोपी पंजाब के अलग-अलग शहर में रहकर पुलिस से बचता फिर रहा है। इसी बीच मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी शुक्रवार को किसी काम से लक्सर आया है। हरकत में आई पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल एसी शर्मा ने बताया कि धीरा को लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। जहां उसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।