ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
एक युवक एक नौ वर्षीय बच्चे को बहाने से खेत ले गया और उसके साथ कुकर्म किया। बच्चे ने घर पहुंचकर अपने पिता को आपबीती सुनाई। पिता ने आरोपी युवक के घर पहुंचकर शिकायत की तो उल्टा उसके परिवारवालों ने धमकाकर भगा दिया। पिता अपने बच्चे को लेकर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति मजदूरी कर अपना परिवार चलाता है। रविवार की शाम उसके नौ साल के बच्चे को पड़ोस का ही एक युवक झांसा देकर खेत ले गया। आरोप है कि युवक ने बच्चे से बताया था कि खेत पर उसके पिता बुला रहे हैं। खेत पहुंचकर बच्चे के साथ कुकर्म किया और फरार हो गया। पीड़ित बच्चा घर पहुंचा और अपने पिता को घटना के बारे में बताया। साथ ही बताया कि युवक ने उसे मोबाइल पर पहले अश्लील मूवी दिखाई थी। बच्चे की बात सुनने के बाद पिता आरोपी युवक के घर पहुंचा और उसकी शिकायत की। आरोप है कि इस पर युवक के परिजनों ने उल्टा बच्चे के पिता को धमकाकर भगा दिया। साथ ही पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पीड़ित पिता बच्चे को लेकर कोतवाली पहुंचा और आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही बच्चे का भी मेडिकल कराया जाएगा।