अमर उजाला ब्यूरो
पिरान कलियर। कलियर से अपहृत तीन वर्षीय मासूम दिल्ली में मिल गया है। पुलिस बच्चे को लेकर कलियर पहुंची और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। दूसरी ओर, पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपहरण व विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यूपी के जिला अमरोहा व हाल निवासी पिरान कलियर अब्दाल साहब बस्ती नईम के तीन वर्षीय पुत्र मासूम पांच दिन पहले घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया था। पुलिस ने मामले में अपहरण का केस दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक बंग्लादेशी महिला कलियर में रह रही थी और उसने ही बच्चे का अपहरण किया है। पुलिस अधिकारियों ने महिला व बच्चे की तलाश के लिए अलग-अलग टीम लगाई थी। इस दौरान पुलिस ने आरोपी महिला को कलियर से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने अपना नाम नसरीन उर्फ मरियम उर्फ दूजीन उर्फ रेखा पत्नी रिदाय निवासी दक्षिणी जराहली मरदसा, थाना अमतोली जिला बारुगोना बोरसाल बंग्लादेेश बताया।
महिला ने बताया कि वह अवैध रूप से भारत में आकर अजमेर, दिल्ली के बाद कलियर पहुंची थी। पुलिस ने महिला से बच्चे के बारे में पूछताछ की तो उसने बताया कि वह बच्चे को दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लेकर पहुंची थी। यहां बच्चा रोने लगा तो लोगों को उस पर शक हुआ। इस पर वह बच्चे को रेलवे स्टेशन पर ही छोड़कर फरार हो गई। इस पर कलियर पुलिस की टीम सोमवार को दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंची और वहां की जीआरपी से बच्चे के बारे में जानकारी ली। जीआरपी ने बच्चे के रेलवे स्टेशन पर एक महिला के छोड़कर होने की जानकारी दी। साथ ही बताया कि बच्चा दिल्ली स्थित चाइल्ड लाइन में है। एसओ प्रमोद कुमार ने बताया कि बच्चे को दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी महिला के खिलाफ बच्चे के अपहरण व अवैध तरीके से भारत में घुसने पर विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ ने बताया कि आरोपी महिला को जेल भेज दिया गया है।
आरोपी महिला के हैं दो बच्चे
आरोपी बंग्लादेशी महिला अवैध तरीके से भारत में घुसी थी। महिला अपने दो बच्चों को भी साथ लेकर आई थी। पुलिस ने बताया कि महिला कलियर में ही अपने दो बच्चों के साथ रहकर भीख मांगकर गुजारा चला रही थी। एसओ ने बताया कि महिला के दोनों बच्चों को हरिद्वार स्थित चाइल्ड लाइन भेज दिया गया है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
एसओ प्रमोद कुमार, एलआईयू प्रभारी दर्शन सिह नेगी, अमित गिरी, शाहिदा परवीन, अहसान अली, मनीषा।