रुड़की। नगर निगम में नौकरी लगवाने के नाम पर एक शख्स ने एक लाख रुपये की ठगी की। पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो उसने देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है।
कानूनगोयान निवासी अनुज अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2017 दिसंबर में रुड़की नगर निगम में उसकी मुलाकात हरिद्वार निवासी एक व्यक्ति से हुई थी। उसने बताया था कि वह नगर निगम में कर्मचारी है और उसकी अधिकारियों से अच्छी जान पहचान है। नगर निगम में भर्ती निकलने वाली है और वह उसकी नौकरी लगवा सकता है। उसके झांसे में आकर अनुज ने अपने दस्तावेज और एक लाख रुपये दे दिए। रुपये लेने के बाद उक्त व्यक्ति ने कुछ दिन की मोहलत मांगी। करीब एक माह बीतने के बाद अनुज ने उससे संपर्क किया तो वह बहाने बनाने लगा। शुक्रवार को वह शख्स रुड़की आया तो अनुज ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि उसने जान से मारने की धमकी दी और रकम लौटाने से इनकार कर दिया। पीड़ित ने शनिवार को कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।