ब्यूरो/अमर उजाला, मंगलौर
बेटे की शादी के कार्ड बांटकर वापस अपने गांव लौट रहे एक ग्रामीण से दो बदमाशों ने हजारों की लूट कर डाली। बदमाश ग्रामीण को धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। साथ ही दोनों बदमाशों को पहचानने का दावा किया। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। साथी मामले को लेनदेन से जोड़कर जांच कर रही है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित तेलीवाला निवासी एहतेशाम के बेटे तबिश की दस जुलाई की शादी है। वह अपने बेटे की शादी के कार्ड रिश्तेदारी में बांट रहे हैं। शुक्रवार की दोपहर वह मंगलौर क्षेत्र के गांव तांशीपुर स्थित अपनी रिश्तेदारी में बाइक से कार्ड देने गए थे। कार्ड देने के बाद वह वापस गंगनहर की पटरी से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक तांशीपुर गांव के पास गंगनहर पटरी स्थित मंदिर के पास पहुंची तो दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट कर दी। आरोप है कि इस दौरान दोनों ने उनकी जेब में रखी 40 हजार की नकदी छीन ली और धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने मंगलौर कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। साथ ही तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित ने दावा किया वह दोनों बदमाशों को पहचानाता है। उधर, मंगलौर कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला लेनदेन का लग रहा है। जिन लोगों के नाम बताए हैं, उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।