ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। युवती के फरार होने के मामले में रुड़की पहुंची यूपी पुलिस ने युवक के जीजा को हिरासत में लिया तो हंगामा हो गया। लोगों ने विरोध किया तो पुलिस ने किसी तरह उन्हें शांत किया। इसके बाद पुलिस युवक के जीजा को अपने साथ मुजफ्फरनगर ले गई। कुछ दिन पहले युवक के मोबाइल की लोकेशन रुड़की में मिली थी, जिसके आधार पर यूपी पुलिस यहां पहुंची।
सोमवार को यूपी के मुजफ्फरनगर सिटी कोतवाली पुलिस यहां सिविल लाइंस कोतवाली पहुंची और दस दिन पूर्व एक युवती के युवक के साथ फरार होने की जानकारी दी। साथ ही बताया कि युवक के मोबाइल की आखिरी लोकेशन रुड़की के भंगेड़ी गांव में मिली है। यूपी पुलिस ने बताया कि भंगेड़ी में युवक की रिश्तेदारी है। उसके रिश्तेदार की मिस्त्री मार्केट में दुकान है। शक जताया कि उसे युवती और युवक के बारे में जानकारी होगी। इसके बाद यूपी पुलिस स्थानीय पुलिस के साथ मिस्त्री मार्केट पहुंची और उसके रिश्तेदार से पूछताछ की। इसी बीच आसपास के दुकानदार मौके पर जमा गए। यूपी पुलिस युवक के रिश्तेदार को ले जाने लगी तो लोग विरोध करने लगे। पुलिस ने उन्हें बताया कि वह सिर्फ पूछताछ के लिए युवक को ले जा रहे हैं, तब लोग शांत हुए और पुलिस उसे साथ ले गई। एसआई बारू सिंह चौहान ने बताया कि यूपी पुलिस युवती की तलाश में रुड़की आई थी। पुलिस युवक के एक रिश्तेदार को अपने साथ ले गई है।