ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
तकादा करने पर परिचित ने एक व्यक्ति को जान से मारने की धमकी दी है। और रकम वापस करने से भी इनकार कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से रकम दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित आदर्शनगर निवासी अरविंद कुमार ने बताया कि करीब दो माह पूर्व उनसे एक परिचित ने किसी काम के लिए दो लाख रुपये उधार लिए थे। साथ ही एक माह के अंदर रकम लौटाने की बात कही थी। लेकिन, दो माह बीतने के बाद भी उसने रकम नहीं लौटाई। दो दिन पहले उसके घर पहुंचकर उसने तकादा किया तो वह गाली गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देते हुए घर से भगा दिया। आरोप हैै कि अब वह रकम लौटाने से भी इनकार कर रहा है। साथ ही उनके घर पर कुछ अज्ञात लोगों को भेजकर धमकी दिला रहा है। पीड़ित ने रविवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और रकम दिलाने की गुहार लगाई है। एसआई बारु सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपी से भी जानकारी ली जाएगी।