ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
एक युवती ने अपनी सौतेली मां के खिलाफ पिता की संपत्ति खुर्दबुर्द करने और कुछ अन्य लोगों पर षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है। युवती की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है।
बुधवार को नील खुदाना ज्वालापुर निवासी शालिनी ने सिविल लाइंस पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कई वर्ष पहले उनके पिता की मौत हो गई थी। मोहम्मद रिजवान नाम के एक व्यक्ति का उनके घर आना जाना था। रिजवान के माध्यम से उत्तरकाशी निवासी महिला गीता भंडारी से उनका परिचय हुआ, जिसे पिता की देखभाल के लिए घर पर रखा गया था। आरोप है कि अब महिला ने उनके पिता के साथ वर्ष 2009 में शादी करने का दावा किया है। वहीं, महिला की पहले से ही दो शादी हो हुई है। शालिनी ने महिला पर आरोप लगाया है कि अब महिला उनके पिता की संपत्ति को कुछ लोगों के साथ मिलकर खुर्दबुर्द कर रही है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि शालिनी की तहरीर पर गीता भंडारी निवासी उत्तरकाशी के खिलाफ संपत्ति खुर्दबुर्द करने और मोहम्मद रिजवान निवासी भगवानपुर, भगवान देवी, सरिता भंडारी, अनिल तड़याल निवासी बल्लूपुर देहरादून के खिलाफ षड्यंत्र रचने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।