एक्सप्रेसवे पर ट्रक के टकराने से बस के परखच्चे उड़ गए।
- फोटो : amar ujala
दिल्ली से सवारियां लेकर सिद्धार्थनगर जा रही ट्रैवल एजेंसी की बस बुधवार तड़के साढे़ तीन बजे आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ओवरटेक करते समय आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई और 15 सवारियां घायल हो गईं। घायलों को मिनी पीजीआई सैफई में भर्ती कराया गया है। इसमें दो की हालत गंभीर बताई गई है। यात्रियों ने बताया कि बस चालक की बजाए उसका सहायक चला रहा था।
दिल्ली से 45 सवारियां लेकर ट्रैवल कंपनी की बस एक्सप्रेसवे से सिद्धार्थनगर जा रही थी। बसरेहर थाना क्षेत्र में टिमरुआ गांव के पास एक्सप्रेसवे अथारिटी के होटल के आगे तेज रफ्तार बस ओवरटेक करते समय आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। ट्रक में पत्थर लदे थे। हादसे के बाद बस में चीख पुकार मच गई। 17 यात्री घायल हो गए। एक्सप्रेसवे पर गश्त कर रही यूपी 100 और पीआरवी 1617 (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) के जवान मौके पर पहुंचे। गोंडा जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र के रामकौड़िया आर्यनगर निवासी देवकली (50) पत्नी ओम प्रकाश गुप्ता बस में बुरी तरह फंसी गई थीं। क्रेन से बस उचकाकर उनको निकाला गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
दिल्ली की साकेत नगर निवासी अविनाश कौर (22) पुत्री हरजीत कौर को सैफई मिनी पीजीआई में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा सभी घायलों को मिनी पीजीआई लाया गया। गोंडा निवासी दयाराम पुत्र रामदीन और सिद्धार्थनगर निवासी श्रवण कुमार पुत्र रामकिशन की हालत गंभीर है, जबकि अन्य घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं बस के अन्य यात्रियों को पीआरवी वैन के कर्मचारियों ने दूसरे वाहनों से रवाना कर दिया। इधर, यात्रियों ने बताया कि बस को ड्राइवर की बजाए उसका सहायक चला रहा था।
सिद्धार्थनगर निवासी विवश शुक्ला पुत्र विजयराम, बस्ती निवासी पूजा पुत्री गिरलाल, रामसिंह पुत्र रामनरेश, उनकी बेटी कल्पना, अजय पुत्र लोटन सिंह, गोरखपुर निवासी इंद्र प्रकाश पांडे पुत्र अभिमन्यु पांडे, आजमगढ़ के मनोज परिमल पुत्र गंगाराम, नई दिल्ली के असलम पुत्र मसूर आलम और रेशमा देवी, अजय कुमार, रतनलाल, विद्या देवी, आसाराम को मिनी पीजीआई सैफई पहुंचाया गया। ये सभी प्राथमिक उपचार के बाद यहां से चले गए।