ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर। हथियारबंद चार बदमाशों ने डेयरी संचालक से तमंचे के बल पर मारपीट कर हजारों की नकदी लूट ली। डेयरी संचालक के विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गये। इस दौरान उनका तमंचा भी मौके पर ही छूट गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी राजकुमार के बेटे सुभाष ने भुरनी तिराहे पर डेयरी खोल रखी है। बृहस्पतिवार रात सुभाष डेयरी से घर वापस लौट रहा था। वह जैसे ही अकोढ़ा कलां गांव के पास पहुंचा तो बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उसकी बाइक को लात मारकर नीचे गिरा दिया। साथ ही तमंचे के बल पर उसकी जेब में पड़ी हजारों की रकम निकालने लगे। इस पर सुभाष ने अपनी जेब से रकम निकालकर खेत में फेंक दी और वह बदमाशों से भिड़ गया। इस दौरान बदमाशों का तमंचा भी सड़क किनारे खाई में जा गिरा। इस बीच बदमाशों के दो अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए और सुभाष के साथ मारपीट कर दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सुभाष के अनुसार, बदमाशों ने मोबाइल की लाइट जलाकर खाई में पड़ी नकदी उठा ली। इसी बीच सुभाष का बड़ा भाई प्रवीण उर्फ सोनू भी वहां से गुजर रहा था। उसे देख बदमाश मौके पर तमंचा छोड़कर फरार हो गए। प्रवीण ने अपने भाई सुभाष को लहूलुहान हालत में देख सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। इस दौरान पुलिस को मौके से एक तमंचा बरामद हुआ। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। एसएसआई रणवीर सिंह चौहान ने बताया कि डेयरी संचालक से हुई मारपीट के मामले में जांच की जा रही है। वहीं, पुलिस ने शक के आधार पर खड़ंजा कुतुबपुर गांव के एक युवक को हिरासत में लिया है।