ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। पति के खिलाफ तीन तलाक, पोक्सो, दुष्कर्म और अप्राकृतिक संबंध बनाने समेत कई संगीन धाराओं में केस दर्ज करवाने वाली युवती ने अब अपनी जान का खतरा जताया है। युवती ने ससुरालियों से अपनी जान का खतरा जताते हुए सुरक्षा की मांग की। युवती की मांग पर पुलिस उसकी सुरक्षा में एक सिपाही तैनात किया है। युवती ने इस मामले में एसएसपी से मुलाकात कर मारपीट के मामले में नामजद ससुराल वालों की गिरफ्तारी की मांग की है।
करीब दस दिन पूर्व गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी निवासी एक युवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि वर्ष 2016 में वह नाबालिग थी। इस बीच एक गांव निवासी एक युवक ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और अप्राकृतिक संबंध बनाए थे। इस दौरान वह गर्भवती हो गई तो युवक ने गर्भपात करा दिया। इसकी जानकारी पीड़िता ने अपने परिजनों को दी। परिजनों ने पुलिस में जाने की बात कही तो युवक ने पीड़िता के बालिग होने पर शादी करने की बात कही। आरोप था कि शादी के बाद आरोपी व उसके परिजन नशीला पदार्थ खिलाकर उससे मारपीट करने लगे थे। इसके चलते वह अपने मायके आकर रहने लगी थी। आरोप है कि कुछ समय पहले पति ने ससुराल पहुंचकर तीन बार तलाक बोलकर तीन तलाक दे दिया था। पुलिस ने युवती की तहरीर पर पति पाड़ली गुर्जर निवासी जाहिद के खिलाफ तीन तलाक, पोक्सो, दुष्कर्म, अप्राकृतिक संबंध बनाने व गर्भपात कराने का केस दर्ज कर लिया था। अब युवती ने ससुरालियों से अपनी जान का खतरा जताया है। साथ ही आरोप लगाया कि ससुराल वाले उसकी हत्या कर सकते हैं। युवती ने पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा की मांग की थी। गंगनहर कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि युवती की सुरक्षा में एक गनर लगाया गया है। साथ ही ससुरालियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।