ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
सेना में भर्ती कराने के नाम पर युवक से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पड़ताल में पुलिस को पता चला है कि आरोपी पहले भी कई लोगों को झांसा देकर ठगी कर चुका है।
मूलरूप से बिहार और वर्तमान में ढंडेरा में रह रहे अजीत सिंह ने शनिवार को एक सब्जी विक्रेता पर सेना में भर्ती कराने के नाम पर आठ लाख की ठगी करने का आरोप लगाया था। उसका कहना था कि आरोपी ने सेना के अधिकारियों से जान पहचान की बात कही थी। आरोप है कि उसने सेना में सेना में भर्ती कराने का झांसा दिया। कुछ लोगों से मिलवाकर आरोपी ने बताया था कि वह सेना के अधिकारी हैं। इस बीच आरोपी ने उसे नियुक्ति पत्र भी दिया था। आरोप था कि अजीत सिंह ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने देने से इनकार कर दिया था। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपी ने कई राज खोले। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि आरोपी पहले भी कई लोगों से ठगी कर चुका है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि टोडा कल्याणपुर निवासी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।