ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
साइबर शातिरों ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए एक महिला से खाते संबंधी जानकारी ली और हजारों रुपये निकाला लिए। महिला के मोबाइल पर खाते से रुपये निकाले जाने का मैसेज आया तो वह घबरा गई। आननफानन महिला ने अपने बेटे को कॉल कर सूचना दी। बेटे ने एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया। इसके बाद बैंक अधिकारियों और पुलिस से शिकायत की।
सिविल लाइंस निवासी माला देवी का रुड़की स्थित एक बैंक में खाता है। सोमवार की सुबह उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि वह बैंक से बोल रहा है। बैंक की ओर से अपने ग्राहकों का सत्यापन किया जा रहा है। इसलिए उन्हें अपने खाता और एटीएम कार्ड संबंधी जानकारी देनी होगी। उसकी बातों में आकर उन्होंने पूरी जानकारी दे दी। फोन कॉल डिस्कनेक्ट होने के कुछ देर बाद ही उनके मोबाइल पर खाते से 31 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। मैसेज पढ़कर उनके होश उड़ गए। उन्होंने अपने बेटे को जानकारी दी। बेटे ने बैंक पहुंचकर अपना एटीएम कार्ड बंद कराया और शिकायत भी की। इसके बाद कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसआई बारु सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है। मामले को साइबर सेल भेजकर जांच कराई जाएगी।