ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
एक सरकारी स्कूल का ताला तोड़कर चोरों ने हजारों का सामान चोरी कर लिया। आसपास के लोगों ने ताले टूटे देखा तो अध्यापकों को सूचना दी। अध्यापक स्कूल पहुंचे और चोरी की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद एक कर्मचारी ने कोतवाली पहुंचकर चोरी की तहरीर दी।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित चंद्रपुरी में राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय है। इस समय स्कूल की गर्मियाें की छुट्टियां हैं। इसलिए स्कूल में ताले लटके हैं। रविवार की रात चोरों ने स्कूल के ताले तोड़ कर हजारों का सामान समेट लिया। सोमवार को आसपास के लोगों ने स्कूल के कमरों के ताले टूटे देखे तो अध्यापकों को सूचना दी। आननफानन अध्यापकों ने स्कूल पहुंचकर कमरों का जांच की। इस बीच स्कूल के अन्य कर्मचारी भी पहुंच गए। अध्यापकों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से जानकारी ली। अध्यापकों ने बताया कि प्रिंटर, पंखा, यूपीएस समेत हजारों का सामान गायाब है। स्कूल कर्मचारी विशाल वर्मा की ओर से चोरी की तहरीर दी गई है। एसएसआई रणजीत तोमर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।