भिवानी। सुबह सब्जी मंडी में सब्जी बिक्री का हिसाब लगा रहे आढ़ती से रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। दुकानदारों ने युवक का पीछा भी किया मगर युवक मंडी की दीवार फांदकर बजरंग बली कॉलोनी की गलियों में भाग गया। युवक भागते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुआ। पुलिस ने भी संदिग्ध का फोटो जारी कर पहचान के प्रयास किए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मामला सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे का है। आढ़ती राकेश दुकान नंबर 33 के बाहर कुर्सी पर बैठकर हिसाब कर रहा था। राकेश ने बताया कि उसके पर रविवार और सोमवार की उगाही के रुपये थे जो कि अलग-अलग दुकानदारों को देने थे। वह कुर्सी पर बैठकर इसी का हिसाब लगा रहा था और बैग उसकी गोद में था। इतने में पीछे से एक युवक आया और रुपयों से भरा बैग लेकर रोहतक रोड की तरफ लगने वाली मंडी की दीवार की तरफ भागा। उन्होंने शोर मचाया और पीछा किया। अन्य दुकानदारों ने भी पीछा किया। मंडी की दीवार फांदरकर युवक बजरंग बली कॉलोनी में भाग निकला। वे भी बजरंग बली की गलियों में पहुंचे मगर युवक हाथ नहीं आया। वहां कुछ मकानों की सीसीटीवी फुटेज देखी। जिसमें युवक भागते हुए नजर आया। युवक करीब 18-19 वर्ष का था। बैग में करीब 60 हजार रुपये की नकदी थी जो कि उगाही की राशि थी और दुकानदारों को देनी थी।
मामले की सूचना सब्जीमंडी चौकी को दी गई। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास निरीक्षण किया। कुछ दुकानोंके बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। समाचार लिखे जाने तक पुलिस जांच में जुटी थी और केस दर्ज नहीं हुआ था।