ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर दो साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि वह दो साल से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। अब युवक ने उसे छोड़ दिया और अपने साथ रखने से इनकार कर रहा है। युवती ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी हैै। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब दो साल पूर्व उसकी ज्वालापुर निवासी युवक से मुलाकात हुई थी। दोनों में दोस्ती हो गई थी और मिलना जुलना शुरू हो गया था। इस बीच दोस्ती प्यार में बदल गई। आरोप है युवक ने शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किया। इसी बीच दबाव बनाने पर युवक ने एक मंदिर में युवती से शादी की थी। तभी से दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। आरोप है कि पिछले दो साल से युवक उसकी अस्मत से खेलता रहा। अब साथ रखने से इनकार कर दिया है। आरोप है कि युवक का कहना है कि वह ऊंची जाति का है और वह छोटी जाति की है। लिहाजा उसे अपने साथ नहीं रख सकता है। एसआई खजान सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। युवक से जानकारी ली जाएगी।