ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
तहसील के अधिवक्ता के साथ हुई मारपीट के मामले का मुख्य आरोपी पुराने मामले में जमानत तुड़वाकर जेल चला गया है। मामले में एक आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है जबकि चार आरोपियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
जैतपुर गांव निवासी मनोज कुमार लक्सर तहसील में अधिवक्ता हैं। बीती 10 अप्रैल को वह तहसील से घर लौट रहे थे। इसी बीच नगला खिताब गांव के पास आधा दर्जन युवकों ने अधिवक्ता पर हमला कर दिया था। कुछ दिन पूर्व पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी रजत, सौरभ, शशांक और हिमांशु को जेल भेज दिया था, लेकिन दीपक और निशांत पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके थे। पुलिस उनकी धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही थी। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी दीपक महीने पहले भगवानपुर में हुए मारपीट व बलवे के मामले में जमानत तुड़वाकर जेल चला गया है। जांच अधिकारी खेमेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि फरार आरोपी निशांत की तलाश जारी है।