ब्यूरो/अमर उजाला, मंगलौर। पुलिस ने दुष्कर्म पीड़िता के आत्महत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे किशोर न्याय विधेयक में पेश किया है। आरोपी पीड़िता के आत्महत्या करने के बाद से ही फरार चल रहा था।
कस्बे के एक मोहल्ले की 17 वर्षीय किशोरी ने 14 अप्रैल को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। किशोरी ने आत्महत्या करने से पहले मोहल्ले के ही एक किशोर पर शादी करने का झांसा देकर एक साल तक यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। किशोरी के आत्महत्या करने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में केस दर्ज कर लिया था। तभी से आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। शनिवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर पर मौजूद है। पुलिस ने आरोपी को उसके घर पर छापा मारकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को पता चला कि आरोपी की उम्र भी 17 वर्ष है। आरोपी के नाबालिग होने पर पुलिस ने उसे किशोर न्याय विधेयक हरिद्वार में पेश किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान का कहना है कि आरोपी नाबालिग है।