ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
ससुर ने बहू पर मारपीट कर घर से निकालने और मकान पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। बुजुर्ग ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से मामले की शिकायत की है। उधर, महिला ने भी ससुर पर मकान में हिस्सा नहीं देने का आरोप लगाया है। दोनों की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पश्चिमी अंबर तालाब निवासी एक बुजुर्ग ने पुलिस से शिकायत कर बताया कि करीब दो साल पूर्व उसके बेटे की मौत हो गई थी। इसके बाद से पुत्रवधू उन्हें परेशान करने लगी। साथ ही घर छोड़ने की धमकी देने लगी। आरोप है कि उसने पुत्रवधू को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मकान अपने नाम करने का दबाव बनाने लगी। आरोप है कि शुक्रवार रात उसने अपने भाई को घर बुलाकर उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं उन्हें घर से निकालकर मकान बंद कर दिया। पूरी रात उन्होंने सड़क पर गुजारी। उधर, कोतवाली पहुंची बुजुर्ग की पुत्रवधू ने भी ससुर पर मकान में हिस्सा न देने का आरोप लगाया। आरोप है कि ससुर उसे जबरन घर से निकालने का प्रयास कर रहा है। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। एसएसआई रणजीत तोमर ने बताया कि मामले की जांच कर रही है।