ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए हरिद्वार ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे। उधर, पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
शनिवार को सीधड़ू गांव निवासी जाकिर का 19 वर्षीय बेटा गुलशेर अपनी बाइक से लक्सर कस्बे में किसी से जा रहा था। रास्ते में लक्सर-रुड़की मार्ग पर कोतवाली मोड़ के पास सामने से एक बाइक से उसकी टक्कर हो गई। इससे गुलशेर गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि दूसरा युवक बच गया। घायल को एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखकर रेफर कर दिया। दूसरे अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर चले गए। वहीं, सूचना पाकर कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बाइक को कब्जे में लिया। हल्का प्रभारी मनोज नौटियाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।