ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
एक दुकान में घुसकर गल्ले से रुपये चोरी करते हुए दुकानदार ने एक युवक को रंगेहाथ पकड़ लिया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए और युवक की जमकर धुनाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित आर्दश नगर निवासी अमित कुमार की मकलपुर चुंगी पर पशु आहार की दुकान है। अमित ने बताया कि बुधवार को एक युवक उनकी दुकान के बाहर घूम रहा था। इस बीच उनकी दुकान पर दो-तीन ग्राहक आ गए और वह उन्हें सामान देने में व्यस्त हो गए। युवक दुकान में घुस आया और गल्ले में रखे करीब 95 हजार रुपये निकालने लगा। उन्होंने युवक को रंगेहाथ पकड़ लिया। युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए और उसकी जमकर पिटाई की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। एसएसआई प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है। उधर, युवक को छुड़ाने के लिए कुछ छुटभैय्या नेता कोतवाली पहुंचे और पुलिस पर दबाव बनाया। इस पर पुलिस ने उन्हें जमकर फटकार लगाते हुए कोतवाली से बाहर निकाल दिया।