ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। दोस्ती तोड़ने पर एक युवक ने युवती को जान से मारने की धमकी दी है। साथ ही युवक बार-बार युवती के मोबाइल पर कॉल कर दोबारा दोस्ती करने का दबाव बना रहा है। युवती ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी निवासी एक युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ माह पहले उसकी अपने पड़ोसी युवक से दोस्ती हुई थी। इस बीच दोनों ने एक-दूसरे को मोबाइल भी दे दिए थे। दोनों की अक्सर मोबाइल पर बातचीत होती रहती थी। इस बीच युवक ने युवती से प्यार का इजहार किया, मगर युवती ने इनकार कर दिया। इसके बाद उसने युवक से दोस्ती तोड़ दी और मोबाइल पर बातचीत करनी भी बंद कर दी। आरोप है कि दोस्ती तोड़ने पर युवक अब जान से मारने की धमकी दे रहा है। साथ ही मोबाइल पर कॉल कर परेशान कर रहा है। आरोप है कि घर से बाहर निकलने पर उसका रास्ता रोककर दोबारा दोस्ती करने का दबाव बना रहा है। युवती ने पुलिस मामले में कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर युवक को हिरासत में लिया गया है। साथ ही युवक से पूछताछ की जा रही है।