ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
एक युवक को नौकरी को झांसा देकर दो लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। युवक ने पुलिस को मामले की तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच कर रही है।
कोतवाली सिविल लाइंस क्षेत्र के आदर्श नगर निवासी श्याम कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह सहारनपुर में काम करता है। प्रतिदिन ट्रेन से आता जाता है। पिछले साल दिसंबर में ट्रेन में एक व्यक्ति से उसकी मुलाकात हुई थी। पीड़ित की मानें तो उस व्यक्ति ने खुद को लखनऊ निवासी सुभाष बताया था। बातचीत में उसने बताया था कि उसकी कई विभागों में अच्छी पहचान है। उसने श्याम कुमार के बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा दिया और उसका मोबाइल नम्बर ले लिया। आरोप है कि 15 मार्च को उसका फोन आया और एक विभाग में पद खाली होने की बात कही। इसके बाद एक आवेदन पत्र ईमेल किया और आवेदनपत्र भरकर भेजने के लिए कहा। अप्रैल में उसका फोन आया और उसने कहा कि नौकरी लगने के बाद उसको आठ लाख रुपये देने होंगे। उसको नौकरी के लिए एक हल्की परीक्षा देनी होगी, जिसे वह पास करा देगा। लेकिन इसके लिए उसको पहले दो लाख रुपये देने होंगे। उसके झांसे में आकर उसके बताए बैंक खाते में दो लाख रुपये डाल दिए। काफी इंतजार के बाद भी न प्रवेश पत्र आया और न ही उसका कोई फोन आया। उसके मोबाइल नंबर पर फोन लगाया तो स्विच्ड ऑफ है। उसने पुलिस को उसके साथ ठगी होने की तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।