कर्णप्रयाग। राजकीय इंटर कालेज में आयोजित वार मेमोरियल शताब्दी समारोह आयोजन समिति की बैठक में 26 अक्तूबर से होने वाले कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। निर्णय लिया गया कि शताब्दी समारोह 26 अक्तूबर से 29 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री और अन्य महान हस्तियों को आमंत्रित किया जाएगा।
दमयंती रतूड़ी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि समारोह का पहला दिन प्रथम विश्व युद्ध के शहीदों, सैनानियों, तथा एंग्लोवर्नाकुलर स्कूल (जीआईसी) के संस्थापकों को समर्पित होगा। पूर्व सैनिकों की रैली का आयोजन भी होगा। उद्घाटन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित करने पर भी चर्चा की गई। 27 अक्तूबर को विद्यालय के पूर्व शिक्षकों, कार्मिकों, वार मेमोरियल हायर सेकेंडरी स्कूल 1943 के संस्थापकों का सम्मान होगा। 28 को विद्यालय के पूर्व छात्रों का सम्मेलन और 29 को समापन होगा। कहा गया कि प्रत्येक दिन प्रभात फेरी, झांकी, विद्यालयों एवं सांस्कृतिक दलों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, गढ़वाल राइफल आईटीबीपी के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में अनुज डिमरी, प्रताप सिंह लूथरा, आशीष थपलियाल, सुभाष गैरोला, शिशुपाल लाल, रतीश डिमरी, नरेंद्र प्रसाद सेमवाल, चतुरा प्रसाद, गंगा प्रसाद, वीरेंद्र सिंह मिंगवाल और भुवन नौटियाल आदि मौजूद थे।