लक्सर। रिश्तेदारी में आई एक विवाहिता अपने पांच बच्चों के साथ रहस्यमय ढंग से लापता हो गई। विवाहिता के ससुराल वालों ने लक्सर क्षेत्र में अपने रिश्तेदारों पर महिला को गायब करने का शक जताते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पश्चिम बंगाल के खड़कपुर थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव निवासी महमूद अली की पत्नी आबिदा का अपने पति से विवाद हो गया था। पति के साथ विवाद होने के बाद आबिदा ने इसकी जानकारी लक्सर क्षेत्र के मुंडाखेड़ा खुर्द गांव में रह रही अपनी बहन को दी। बहन ने आबिदा को मुंडाखेड़ा गांव में लाने के लिए दो लोगों को पश्चिम बंगाल भेज दिया। इस पर उक्त दोनों लोग आबिदा को उसके पांचों बच्चों के साथ मुंडाखेड़ा ले आए । आबिदा के पति
ने इधर उधर रिश्तेदारियों में काफी तलाश की। आबिदा का पति महमूद अपनी पत्नी आबिदा को लेने के लिए मुंडाखेड़ा खुर्द गांव पहुंचा तो रिश्तेदारों ने बताया की आबिदा कई दिन पहले अपने बच्चों को लेकर उन्हें बिना बताए ही कहीं चली गई है।
आबिदा के पति और उसके ससुराल वालों ने लक्सर कोतवाली पहुंचकर मुंडाखेड़ा खुर्द गांव निवासी अपने रिश्तेदारों पर उसकी पत्नी व बच्चों को गायब करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। इन लोगों ने उनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उधर कोतवाल त्रिवेंद्र सिंह राणा का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।