बागपत के प्रापर्टी डीलर की हत्या के आरोप में तीन भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। करीब एक माह पहले प्रापर्टी डीलर का शव लिब्बरहेड़ी के जंगल से मिला था। आरोपियों को मृतक के 37 लाख रुपए देने थे इसी लिए उन्होंने प्रापर्टी डीलर की गला दबा कर हत्या कर दी और शव को मंगलौर क्षेत्र में फेंक कर भाग गए थे।
विगत 20 फरवरी को लिब्बरहेड़ी के जगंल में करीब पचास वर्षीय व्यक्ति का शव मिला था। मृतक की पहचान गांव बली बागपत निवासी सुरेन्द्र सिंह के रुप में हुई थी। मृतक के पुत्र सुमित कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पिता प्रापर्टी डीलिंग का काम करते थे। चौहान पट्टी सभापुर थाना सोनिया विहार निवासी राजेश आदि पर प्रापर्टी के काम के करीब 37 लाख रुपए उधार थे। 14 फरवरी को उसके पिता अपनी बहन के घर जौनपुर दिल्ली गए थे। जहां से रुपए लेने के लिए वह राजेश के पास गए थे। 15 फरवरी को उसके पिता ने राजेश के साथ होने की बात बताई थी। बाद में उसके पिता का फोन बंद हो गया। सुमित का आरोप है कि राजेश ने अपने भाइयों प्रेम व सोनू के साथ मिलकर उसके पिता की हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को मंगलौर क्षेत्र में फेंक दिया। बताया गया हैं कि पोस्टमार्टम रिर्पोट में गला दबाने से मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस ने सुमित की तहरीर पर तीनों आरोपी भाइयों के खिलाफ हत्या करने व साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद्र शर्मा का कहना है कि मुुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।