ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
दाबकी कलां गांव में ननिहाल आए डेढ़ वर्षीय बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। ग्रामीण और रिश्तेदार शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में ढांढ़स बंधाने उनके घर पहुंच रहे है।
मोहम्मदपुर बुजुर्ग गांव निवासी पंकज की ससुराल दाबकी कलां गांव में विजयपाल के घर है। बताया जाता है कि कई दिन पहले पकंज की पत्नी अपने डेढ़ वर्षीय बेटे आरव के साथ मायके आई थी। परिवारवालों के मुताबिक, आरव घर के आंगन में खेल रहा था। इसी बीच वह खेलते हुए नल पर लगे बिजली के मोटर के निकट पहुंच गया। जहां बिजली के कटे तार को छूने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। झुलसने के बाद परिवारवालों की नजर आरव पर पड़ी तो अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण, रिश्तेदारों ने परिवार को ढांढ़स बंधाया।