ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
बैंक में 25 करोड़ का फर्जी डिमांड ड्राफ्ट लगाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी की लोकेशन हरिद्वार में मिली है। पुलिस ने होटल के रजिस्टर में मिले मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की है। अब गुप्त तरीके से फर्जी आरोपी की तलाश कर रही है। मामले में पुलिस पांच लोगों को पहले ही जेल भेज चुकी है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित आईसीआईसीआई बैंक में पिछले साल दस अक्तूबर को दो लोग 25 करोड़ का फर्जी डिमांड ड्राफ्ट लगाने पहुंचे थे। बैंक प्रबंधक ने शक होने पर पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों लोगों को हिरासत में लिया था जबकि बैंक के बाहर खड़े तीन लोग फरार हो गए थे। पुलिस ने कुछ दिन बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था जबकि गिरोह का सरगना विजय निवासी साकेत, दिल्ली पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस तभी से आरोपी की तलाश कर रही है, लेकिन वह लगातार चकमा दे रहा है। तीन दिन पहले पुलिस को पता चला था कि आरोपी सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित एक होटल में अपने दोस्त के साथ ठहरा था। पुलिस ने होटल पहुंचकर रजिस्टर चेक किया तो आरोपी ने अपने दोस्त की आईडी लगाई थी जबकि मोबाइल नंबर अपना दर्ज करवाया था। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की तो पता चला कि आरोपी हरिद्वार में ही है। एसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपी की लोकेशन लगातार ट्रेस हो रही है। जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।