अमर उजाला ब्यूरो
नारसन।
कस्बे की एक महिला ने तनाव के चलते रजवाहे में कूदकर आत्महत्या कर ली। महिला का शव उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के छपार में मिला है। छपार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ माह पहले हुई पति की मौत के बाद तनाव में थी।
बृहस्पतिवार को कस्बे के समीप से गुजर रहे रजवाहे में किसी ने एक महिला को छलांग लगाते देखा। जानकारी करने पर पता चला कि रजवाहे में कूदने वाली महिला पुष्पा देवी (50) पत्नी स्व. राजकुमार थीं। सूचना पाकर पुष्पा देवी के परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन आस-पास पुष्पा देवी का पता नहीं चल पाया है। उसके बाद परिजन पुष्पा की तलाश करते-करते मुजफ्फरनगर जिले के छपार पहुंच गए। परिजनों को वहां पुष्पा देवी का शव मिल गया। शव मिलने की सूचना पर छपार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ माह पहले पुष्पा देवी के पति राजकुमार की हार्टअटैक से मौत हो गई थी। उसके बाद से वह तनाव में थी। बुधवार की शाम भी पुष्पा देवी को उसके बेटे ने दवाई दिलाई थी। नारसन पुलिस चौकी के अधिकारियों का कहना है कि शव छपार में मिला है, लिहाजा छपार पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है।