ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। अवैध खनन की सूचना पर पहुंचे लेखपालपर खनन माफिया ने ट्रैक्टर-ट्राली चढ़ाने का प्रयास किया। किसी तरह भागकर उन्होंने अपनी जान बचाई। लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जान से मारने की नीयत से ट्रैक्टर-ट्राली चढ़ाने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, उपखनिज से भरी ट्रैक्टर ट्राली को सीज कर दिया गया है।
तहसील प्रशासन की टीम को बुधवार की देर रात सूचना मिली कि रामपुर चुंगी के पास अवैध खनन सामग्री से भरी ट्रैक्टर ट्राली जा रही है। इस पर लेखपाल अनिल गुप्ता टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। टीम ने देखा ट्रैक्टर ट्राली में खनन सामग्री ले जाते देखा तो उसे रोकने के लेखपाल मौके पर पहुंच गए। लेकिन, चालक नहीं रुका। घेराबंदी कर रोकने के बाद लेखपाल अनिल गुप्ता ने खनन सामग्री से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक को उपखनिज के कागज मांगे तो वह नहीं दिखा सका। चालक ने ट्रैक्टर लेखपाल पर चढ़ाने का प्रयास किया। भागकर किसी तरह लेखपाल ने अपनी जान बचाई। लेखपाल की तहरीर पर कोतवाली गंगनहर पुलिस ने निवासी इब्राहिमपुर निवासी रविंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने खनन सामग्री से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को सीज कर दिया।
कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि लेखपाल की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। देर रात को मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दविश दी गई थी। गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।