ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। एक मकान में छापामारी कर गोमांस के साथ एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से अन्य सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस ने गोमांस को कब्जे में लेकर सैंपल जांच के लिए लैब भेजा है। साथ ही आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को मंगलवार की सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव जौरासी स्थित एक मकान में गोकशी की जा रही है। सूचना मिलते ही एसएसआई प्रशांत बहुगुणा, एसआई बारु सिंह चौहान और एसआई अंकुर शर्मा पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और मकान में छापामारी की। गोकशी कर रहा एक आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मकान से 140 किलोग्राम गोमांस बरामद किया है। एसएसआई प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर छापामारी की गई और मकान से गोमांस व उपकरण बरामद हुए हैं। गोमांस को कब्जे में लेकर सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिया है। उन्होंने बताया कि जौरासी निवासी नवाब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी को जेल भेज दिया है। एसएसआई ने बताया कि क्षेत्र में गोकशी करने वालों पर नजर रखी जा रही है। गोकशी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।