रुड़की/मंगलौर। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने टैंकर से गैस चुराने का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने टैंकर से गैस निकालने की ट्यूब, कई उपकरण और 11 गैस सिलिंडर बरामद किए। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बुधवार को एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने कोतवाली सिविल लाइंस में टैंकर से रसोई गैस की कालाबाजारी का खुलासा किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि लंढौरा के खेमपुर थिथौला क्षेत्र से टैंकर से गैस चुराने की लगातार शिकायतें मिल रही थी। चोरी से सिलिंडरों में गैस भरने के कारोबार की जानकारी मिलने पर एसओजी व मंगलौर पुलिस ने बुधवार सुबह छापामारी की। इस दौरान तीन लोग ट्यूब के जरिये टैंकर से गैस निकाल कर सिलिंडरों में भर रहे थे। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने कुछ दूरी पर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। मौके से 11 गैस सिलिंडर बरामद किए गए। इनमें से एक भरा हुआ था, दूसरा सिलिंडर भरा जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों में अफजाल (निवासी खेमपुर मंगलौर), हमलेश कुमार (निवासी हुसैपुर, थाना साहेबगंज, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार) और परवेज आलम (निवासी खेमपुर, मंगलौर) शामिल हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। टीम में एसओजी प्रभारी रविंद्र सिंह, एसएसआई अजय कुमार, राकेश कैंतुरा, प्रभाकर, इसरार, अजय आदि शामिल रहे।
...तो हो सकती थी बड़ी जनहानि
-एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने लंढौरा क्षेत्र में गैस की कालाबाजारी की सूचनाओं को गंभीरता से लिया है। क्षेत्र में कई ऑयल डिपो भी हैं। साथ ही रिहायशी इलाके भी हैं। गैस की चोरी करते समय कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। इससे गोरखधंधे को अंजाम दे रहे लोगों की जान को तो खतरा था ही आसपास के गांवों के लोगों को भी खतरा था। आगे भी ऐसे लोगों पर नजर रखी जाएगी।
गुजरात से लाया गया था टैंकर
-पुलिस और एसओजी टीम ने गैस के जिस टैंकर से गैस की चोरी करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा है उसे गुजरात से लाया गया था। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में से परवेज आलम पहले पुलिस का मुखबिर हुआ करता था, लेकिन बाद में रुपये के लालच में इस धंधे में शामिल हो गया।