करंजाकला/शाहगंज। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मखमेलपुर मोड़ के पास बुधवार को सुबह दस बजे प्राइवेट बस की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई जबकि शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के उसरहटा रेलवे क्रासिंग के निकट किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर युवक घायल हो गया। उसे राजकीय चिकित्सालय से वाराणसी रेफर कर दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के आदमपुर मल्हनी गांव निवासी सत्यनारायण तिवारी (65) बाइक से जौनपुर जा रहे थे। वह जौनपुर शाहगंज मार्ग पर मखमेलपुर गांव के पास जैसे ही मुख्य मार्ग पर पहुंचे तभी जौनपुर से शाहगंज की ओर जा रही बस की चपेट में आने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बस समेत चालक को हिरासत में ले लिया। उधर, शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के उसरहटा रेलवे क्रासिंग के समीप मंगलवार की देर शाम स्कूटी सवार युवक किसी वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया। उसे राजकीय चिकित्सालय से वाराणसी रेफर कर दिया गया। नगर के एराकियाना मोहल्ला निवासी मो. अजीम (17) पुत्र हाजी इमरान अहमद किसी काम से खेतासराय की ओर जा रहा था। वह रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचा था तभी जौनपुर से शाहगंज की ओर आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया।