ब्यूरो/अमर उजाला, भगवानपुर
इलाके के एक मकान में अनैतिक देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर दो युवती और दो युवक को हिरासत में लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने ही ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए एक महिला पर मकान में देह व्यापार का रैकेट संचालित करने का आरोप लगाया। पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को शांत कराया और चारों को थाने लाकर पूछताछ कर रही है। वहीं, पकड़ा गया एक युवक बैंक कर्मचारी बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी कि भगवानपुर कस्बा स्थित एक मकान में अनैतिक देह व्यापार करवाया जा रहा है। साथ ही मकान में चार युवक एवं युवतियां हैं। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मकान की तलाशी ली। इस दौरान पुलिस को दो युवक और दो युवती मिली। मकान पर पुलिस की छापेमारी की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इस दौरान ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए कस्बा निवासी एक महिला पर मकान किराए पर लेकर देह व्यापार करवाने का आरोप लगाया। आरोप है कि महिला की वजह से कस्बे का माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि मकान में आए दिन युवक, युवतियों का जमावड़ा लगा रहता है। ग्रामीणों को पुलिस ने किसी तरह शांत कराया और मकान मालिक को मौके पर बुलाया। पुलिस ने मकान मालिक से किराएदार के सत्यापन के संबंध में जानकारी ली। पता चला कि उसने किराएदार का सत्यापन नहीं कराया था। इस पर पुलिस ने मकान मालिक को फटकार लगाई और पकड़े गए चारों युवक, युवतियों को थाने ले आई। थाना प्रभारी गोविंद कुमार ने बताया कि चारों युवक और युवतियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि किराएदार का सत्यापन नहीं कराने पर मकान मालिक पर जुर्माना लगाया जाएगा।