ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। ेसाइबर ठगों ने बैंक अधिकारी बनकर एक महिला के पास कॉल कर खाता संबंधी जानकारी लेने के बाद उसके खाते से 47 हजार रुपये साफ कर दिए। पीड़ित महिला को इसकी जानकारी हुई तो उसने बैंक में शिकायत की। साथ ही कोतवाली पहुंचकर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित बेलड़ा गांव निवासी मीनाक्षी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब चार दिन पहले उसके मोबाइल पर एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताया था। साथ ही बताया कि बैंक की तरफ से सत्यापन किया जा रहा है। इसके लिए उन्हें अपने बैंक खाते व एटीएम कार्ड संबंधी जानकारी देनी होगी। ठग के झांसे में आकर महिला ने उसे बैंक संबंधी पूरी जानकारी दे दी। इसके बाद महिला के मोबाइल पर खाते से साबइर ठगों ने 47 हजार की रकम साफ कर दी। महिला के मोबाइल पर मैसेज आया तो उसके होश उड़ गए। महिला ने बैंक पहुंचकर शिकायत कर जानकारी ली। जहां पता चला कि उसके खाते से अलग-अलग स्थानों से रकम निकाली गई है। पीड़ित महिला इसके बाद कोतवाली पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। मामले को साइबर सेल हरिद्वार भेजा जा रहा है।