लक्सर। बदलते जमाने के साथ लोगों में ऑनलाइन शापिंग का रुझान बढ़ा है, लेकिन ऑनलाइन खरीदारी करने वाले ग्राहकों को बेहद सावधानी बरतने की आवश्यकता है। इंटरनेट के जरिए खरीदारी में जरा सी चूक ग्राहकों को चूना लगा रही है। इंटनेट पर सस्ते दामों में सामान बेचने वाली वेबसाइट के जाल में फंस कर उपभोक्ता ठगी का शिकार हो रहे हैं। किसी पार्सल में फटी साड़ियां तो किसी में मोबाइल की डमी निकल रही है। पुलिस के पास इस तरह की शिकायतें आ रही हैं।
---------
केस एक-
कस्बा के खड़ंजा कुतुबपुर गांव निवासी शाहरुन खान ने वेबसाइट नापतौल डॉटकॉम से तीन हजार रुपये में ईद के लिए तीन सूट, एक घड़ी और ज्वेलरी का सेट मंगाया था। डिलिवर हुए पार्सल में दो फटी साड़ियां निकली। पीड़ित ने पुलिस में वेबसाइट के खिलाफ शिकायत की।
--------
केस दो-
खानपुर के छात्र प्रवेश कुमार ने एक वेबसाइट का एड देखकर एंड्रायड मोबाइल फोन आर्डर किया था। इसके लिए छात्र ने कंपनी को साढ़े पांच हजार रुपये का भुगतान किया था। छात्र को मिले पार्सल में मोबाइल की जगह उसकी डमी निकली। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस में दी है।
---
केस तीन-
कस्बे के सोसायटी रोड मोहल्ला निवासी दक्ष कौशिक ने पंद्रह दिन पहले ऑनलाइन मोबाइल फोन का आर्डर दिया था। पांच हजार के भुगतान के बाद उसे जो पार्सल मिला उसमें मोबाइल की जगह एक बेल्ट और पर्स निकला है। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
--------
केस चार-
खानपुर के न्यामतपुर गांव निवासी अनुज कुमार ने भी एक माह पहले ऑनलाइन घड़ी की बुकिंग कराई, लेकिन पार्सल में एटीएम का कवर निकला है। ग्राहक ने मामला पुलिस में दर्ज कराया।
------------
ऑनलाइन शापिंग में यह बरतें सावधानी
इंटरनेट विशेषज्ञ दीपक कुमार व जितेंद्र के मुताबिक ऑनलाइन शॉपिंग किसी प्रतिष्ठित कंपनी से ही करनी चाहिए। ग्राहक को कंपनी की कस्टमर पॉलिसी व प्राइवेट पॉलिसी को अच्छे से पढ़कर व समझने के बाद ही आर्डर करना चाहिए। कंपनी से पार्सल आते समय कहीं बदला तो नहीं गया है, इसके लिए कंपनी से पार्सल का डिस्पेच नंबर पता कर लें। पार्सल को रिसीव करने से पहले उसका नंबर चेक लें। साथ ही पार्सल की सील अच्छी तरह जांच-परख लें। विशेषज्ञों के अनुसार ऐसा करने से ठगी से बचा सकता है।
उधर, लक्सर कोतवाली प्रभारी अमरचंद शर्मा का कहना है कि समय-समय पर ठगी से संबंधित शिकायतें आती रही हैं। इन शिकायतों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि ठगी होने पर तुरंत पुलिस से शिकायत करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।