अमर उजाला ब्यूरो
चुड़ियाला। क्षेत्र के कुंजा बहादुरपुर गांव में बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी विवाहिता ने बृहस्पतिवार की देर शाम दिल्ली में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। महिला के मायके वालों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ब्रह्मपुर जट निवासी केल्हन की बेटी रीना की शादी लगभग सात साल पहले कुंजा बहादरपुर निवासी सुमित से हुई थी। इनके दो बच्चे हैं। बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से रीना बुरी तरह झुलस गई। परिजनों ने उसे पहले पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया था। इसके बाद उसे दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। बृहस्पतिवार रात को उपचार के दौरान रीना ने दम तोड़ दिया। मायके वालों ने घटना को संदिग्ध करार दिया था। उनका कहना है कि मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शव को दिल्ली अस्पताल में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुक्रवार की देर शाम तक शव को गांव लाया जा सकेगा। मायके वाले पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आवश्यक कार्रवाई की बात कह रहे हैं। तेज्जूपुर पुलिस चौकी इंचार्ज संजीव चौहान का कहना है कि मौका मुआयना कर जांच पड़ताल की गई है। कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर विवाहिता की मौत की जानकारी मिलने के बाद उनके रिश्तेदारों और अन्य परिजनों का घर पर तांता लगा हुआ है।