एक दंपती के मृत बेटे के नाम पर भी सरकारी राशन लेने का मामला प्रकाश में आया है। मामले उजागर होने पर राशन विक्रेता ने विरोध किया तो दंपती व उनकी बेटी ने गाली गलौज और मारपीट की। पुलिस ने तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी और मारपीट का केस दर्ज कर लिया है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पूर्वावली गणेशपुर निवासी राशन विक्रेता श्वेता शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वर्तमान में अपात्र राशन कार्डों के सत्यापन का काम किया जा रहा है। सत्यापन के दौरान पता चला कि नवनीत कुमार, उसकी पत्नी और बेटी निवासी मकतूलपुरी अवैध तरीके से राशन लेकर कालाबाजारी कर रहे हैं। इतना ही नहीं मृत बेटे के नाम पर भी नवनीत की ओर से राशन लिया जा रहा था। आरोप है कि गलत तरीके से राशन लेने का विरोध किया तो नवनीत ने अपनी पत्नी और बेटी के साथ मिलकर गाली-गलौज और मारपीट कर दी। कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर दंपती और उनकी बेटी पर गाली-गलौज, मारपीट और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।