रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली में अधिकारियों की बैठक लेते एसएसपी।
- फोटो : ROORKEE
एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज ने कहा कि कोतवाली और थानों में आने वाले फरियादियों से पुलिसकर्मी अच्छा व्यवहार करें। उनकी फरियाद को सुनकर तुरंत निराकरण करें। अगर किसी के गलत व्यवहार करने की शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को सिविल लाइंस कोतवाली में एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज ने अधीनस्थों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि डीजीपी की ओर से जो दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, उनका कोतवाली और थानों में सही से पालन होना चाहिए। अगर कोई पीड़ित कोतवाली या थानों में आ रहा है तो उसकी समस्या सुनें। उनके प्रति अपना व्यवहार सरल रखें। एसएसपी ने कहा कि जो विवेचनाएं लंबित पड़ी हैं, उनका तुरंत निस्तारण करें। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए दिनरात गश्त बढ़ाएं। संदिग्धों की तलाश के लिए रोजान रूटीन चेकिंग करें। बैठक में एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल, सीओ रुड़की बहादुर सिंह चौहान, सीओ मंगलौर पंकज गैरोला, कोतवाली प्रभारी राजेश साह, मनोज मैनवाल, एसओ कलियर जगमोहन रमोला, एसओ भगवानपुर पीडी भट्ट आदि मौजूद रहे।