17 दिसंबर को राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय नंबर-18 में अधिकारियों की मनाही के बावजूद शिक्षक संघ के चुनाव कराने के खिलाफ एक व्यक्ति ने डीएम से शिकायत की है। आरोप है कि चुनाव के दौरान बच्चों को को मिड-डे मील नहीं दिया गया और स्कूल का अवकाश रखा गया, जो सीधे न्यायालय के आदेशों की अवहेलना है।
17 दिसंबर को उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के चुनाव राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय नंबर-18 में संपन्न कराए गए थे। जितेंद्र सिंह ने डीएम से लिखित शिकायत कर चुनाव और उक्त विद्यालय में चुनाव कराने को आदेशों की अवहेलना बताया। उन्होंने डीएम से कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुसार, विद्यालय नंबर-18 आदर्श विद्यालय है। नियमानुसार इस विद्यालय में कोई राजनीतिक गतिविधियां नहीं की जा सकती हैं। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाचार्य को पत्र देकर चुनाव नहीं कराने के निर्देश दिए थे। साथ ही निर्देश दिए थे कि विद्यालय निर्धारित समय पर खोला जाए। जबकि, उस दिन विद्यालय बंद रखा गया और न ही बच्चों को मिड-डे मील दिया गया। साथ ही कहा कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं की जाती है तो उन्हें कोर्ट की शरण लेनी पड़ेगी।