सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में फैली अव्यवस्थाओं और चिकित्साकर्मियों की लापरवाही पर प्रशासन सख्त हो गया है। स्थानीय विधायक की ओर से अस्पताल के औचक निरीक्षण में मिली गंभीर कमियों के बाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार डाॅ. आरके सिंह ने मंगलौर सीएचसी प्रभारी डॉ़ गंभीर सिंह तालियान को कारण बताओ नोटिस जारी कर तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं।
बृहस्पतिवार को मंगलौर के विधायक काजी निजामुद्दीन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। पाया गया कि अस्पताल में तैनात चिकित्सक और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ अपनी ड्यूटी को सही से नहीं कर रहे हैं।
इसके अलावा, अस्पताल में इलाज कराने आ रहे मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ डॉक्टरों व अन्य कर्मचारियों का व्यवहार भी बेहद निराशाजनक और खराब पाया गया। इस पर विधायक ने असंतोष व्यक्त किया था। विधायक ने अस्पताल परिसर में फैली गंदगी और साफ-सफाई की बदतर स्थिति पर भी भारी नाराजगी जताई थी।
सीएमओ ने जारी पत्र में स्पष्ट किया है कि इससे पूर्व भी मौखिक और लिखित रूप से सभी चिकित्सा अधीक्षकों को अस्पतालों में बेहतर साफ-सफाई व मरीजों को उपचार से संबंधित किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के सख्त निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद मंगलौर स्वास्थ्य केंद्र में इस तरह की लापरवाही सामने आना बेहद चिंताजनक है। सीएमओ हरिद्वार ने मंगलौर सीएचसी प्रभारी डॉ़ गंभीर सिंह तालियान को सख्त हिदायत देते हुए कि वे अपने स्तर से अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं और साफ-सफाई की व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त इसकी रिपोर्ट तैयार कर कार्यालय को भेजें।