पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक परिसर में युवकों के दो गुटों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दरगाह परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और जायरीनों ने पुलिस-प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने व शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रविवार रात किसी बात पर दो युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के युवक आपस में भिड़ गए। मारपीट के दौरान दरगाह परिसर में मौजूद जायरीनों में अफरातफरी मच गई। इस दौरान किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया जो सोशलमीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों और जायरीनों का कहना है कि शाम होते ही दरगाह परिसर में कुछ शरारती तत्व एकत्र हो जाते हैं। ये युवक जायरीनों के साथ अभद्र व्यवहार करने के साथ ही आपसी विवादों में उलझते रहते हैं। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी दरगाह परिसर में मारपीट और अव्यवस्था से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ चुके हैं लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है।
जायरीनों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से दरगाह की पवित्रता भंग हो रही है। खासकर महिला जायरीनों और उनके परिवारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। लोगों ने दरगाह परिसर में पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध और शरारती तत्वों पर नजर रखने और मारपीट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली पुलिस अधिकारी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।