रुड़की। शहर की सरकार ने मंगलवार को शपथ संग विकास का करार किया। डीएम ने बीटी गंज में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नगर निगम के नव निर्वाचित बोर्ड को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नव निर्वाचित मेयर गौरव गोयल समेत सभी 40 पार्षदों ने समारोह में कर्त्तव्य निर्वहन की शपथ ली। इसके बाद नगर निगम के सभागार में पहली बोर्ड बैठक का आयोजन भी किया गया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बीटी गंज में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में दोपहर करीब एक बजे मेयर और सभी पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस मौके पर मेयर गौरव गोयल ने हर क्षेत्र का तेजी से विकास किए जाने की बात कही। इसके बाद मेयर और पार्षद नगर निगम पहुंचे। जहां निगम सभागार में पहली बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया।
समारोह में शहर विधायक प्रदीप बत्रा, पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद, मुख्य नगर आयुक्त नूपुर वर्मा, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट के अलावा संजय गुप्ता उर्फ नीलू, मनोहर लाल शर्मा, डा. विनय गुप्ता, सुभाष सरीन, पूर्व सांसद हरपाल साथी, पूर्व सांसद राजेंद्र बाडी, रश्मि चौधरी, रीना अग्रवाल भोपाल सिंह सैनी, गोविंद कौशिक, प्रेम सिंह रावत, पंडित रमेश सेमवाल, दिनेश अग्रवाल, हर्ष प्रकाश काला, मुकेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
समर्थकों ने की आतिशबाजी
मेयर के शपथ लेते ही समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की, जो पार्षदों के शपथ ग्रहण करने के बाद तक चलती रही।
इन पार्षदों ने ली शपथ
अंजू, राजेश्वरी, देवकी जोशी, पूनम देवी, दया शर्मा, राखी शर्मा, रविंद्र खन्ना, विरेंद्र कुमार, मयंक पाल, प्रमोद पाल, विवेक चौधरी, सचिन चौधरी, नवनीत शर्मा, हेमा देवी, नीतू शर्मा, अंकित चौधरी, मीनाक्षी तोमर, स्वाति चौधरी, गीता, राजेश, विनिता रावत, शिवानी, धीराज सिंह, सपना, पंकज सतीजा, राकेश गगऱ, शक्ति सिंह, अनूप सिंह, धीरजपाल, चारु चंद, चंद्रप्रकाश बाटा, आशीष अग्रवाल, संजीव राय, मोहसीन अली, रेशमा प्रवीन, कमरेज, नितिन त्यागी, मंजू भारती, मोहम्मद मुंतजिर, मनोज कुमार।
------------------------------------
पिरान कलियर विधायक की मौजूदगी ने बढ़ाई हलचल
कांग्रेस विधायक फुरकान के समारोह में पहुंचने पर तैरते रहे कई राजनीतिक सवाल
भाजपा विधायक प्रदीप बत्रा ने भी समारोह में शिरकत
झबरेड़ा विधायक देशराज की गैर मौजूदगी पर भी चर्चा
माई सिटी रिपोर्टर
रुड़की।
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस विधायक फुरकान अहमद की मौजूदगी ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी। अलबत्ता, इस तरह के समारोह में किसी भी पार्टी के जनप्रतिनिधि की मौजूदगी को सामान्य रूप से लिया जाता है, लेकिन चुनाव से पहले भी जिस तरह से कलियर विधायक ने चुनाव से दूरी बनाए रखी, उसे लेकर राजनीतिक गलियारों में तमाम तरह की चर्चाएं होती रही।
उधर, मंगलवार को शपथ ग्रहण में शहर विधायक होने के नाते विधायक प्रदीप बत्रा ने भी शिरकत की। इसके अलावा पिरान कलियर विधायक को छोड़कर कोई अन्य विधायक समारोह में नहीं पहुंचा। जबकि नगर निगम क्षेत्र में पिरान कलियर विधायक के साथ ही झबरेड़ा विधायक का क्षेत्र भी शामिल है। लेकिन समारोह में झबरेड़ा विधायक की गैर मौजूदगी से ज्यादा पिरान कलियर विधायक की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।
-----------------
आधे घंटे देरी से ली मेयर ने शपथ
रुड़की। नगर निगम में शपथ ग्रहण समारोह के लिए एक बजे का समय तय किया गया था। डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी भी तय समय पर मंच पर पहुंच गए थे। लेकिन मंच पर गिने चुने पार्षद ही उपस्थित मिले। इसके बाद नगर निगम प्रशासन की ओर से बाकी पार्षदों को जल्द पहुंचने को कहा गया। उसके बाद अन्य नव निर्वाचित पार्षद आने शुरु हुए। करीब आधे घंटे लेट से एक बजकर 30 मिनट पर जिलाधिकारी ने नव निर्वाचित मेयर को शपथ दिलाई। उसके बाद मेयर गौरव गोयल ने अन्य 40 पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।