रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली में पकड़ा गया दूध कारोबारी पर फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी का खुलास?
- फोटो : ROORKEE
डेयरी स्वामी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल और दो कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली में बुधवार को प्रेसवार्ता कर एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि 11 नवंबर की रात बंदा रोड निवासी डेयरी स्वामी इमरान के घर बाइक सवारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। पुलिस ने मौके से खाली कारतूस बरामद किए थे। साथ ही डेयरी स्वामी की तहरीर पर खुशनूद त्यागी निवासी बंदा रोड और उसके चार साथियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने मामले में बकासुर उर्फ आकिब निवासी शेखपुरी, परवेज निवासी ढंडेरा और रिजवान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था जबकि मुख्य आरोपी खुशनुद त्यागी फरार चल रहा था। एसएसपी ने उस पर ढाई हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात आरोपी को सोनाली पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए हैं। फरार चल रहे मुदस्सीर निवासी मंगलौर की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम में सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी राजेश साह, एसआई अंकुर शर्मा, एसआई दिनेश कोठारी, सिपाही विपिन, विनोद चपराना, रामवीर शामिल रहे।
--
खुशनूद पर हत्या का मुकदमा दर्ज
एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि डेयरी स्वामी के घर पर फायरिंग के आरोपी खुशनूद का पुराना आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ वर्ष 2016 में ढंडेरा में एक व्यक्ति की हत्या करने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के भी केस दर्ज हैं।