रुड़की। धोखाधड़ी के मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस ने शनिवार को रुड़की में छापेमारी की। टीम ने शहर की दोनों कोतवालियों में आमद कराने के बाद आवास विकास कॉलोनी में दबिश दी। देर शाम तक आरोपी पुलिस की पकड़ में न आने पर तलाश जारी थी।
छत्तीसगढ़ पुलिस के मुताबिक रायपुर की एक हाइड्रोलिक कंपनी का हरियाणा में प्रोजेक्ट चल रहा है। कंपनी ने रुड़की निवासी अश्वनी सैनी को कंसलटेंट नियुक्त किया था। एग्रीमेंट के बाद इंजीनियर से जमानत के तौर पर चेक लिए गए थे। तय समय सीमा में काम पूरा न होने पर कंपनी ने चेक को बैंक में लगाया तो उस पर जाली हस्ताक्षर पाए गए।
चेक बाउंस होने पर कंपनी ने कानूनी कार्रवाई की। गिरफ्तारी के लिए रायपुर से एएसआई आरए नेताम की अगुवाई में एक पुलिस टीम शनिवार को रुड़की पहुुंची। उनके साथ हाइड्रोलिक कंपनी के अधिकारी भी मौजूद रहे। सिविल लाइंस कोतवाली में उन्होंने प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र पाल सिंह भदौरिया को पूरा मामला बताते हुए गिरफ्तारी में सहयोग मांगा।
मगर मामला आवास विकास कॉलोनी संबंधित होने के चलते टीम को गंगनहर कोतवाली जाना पड़ा। आमद दर्ज कराने के बाद टीम ने आवास विकास कॉलोनी में दबिश दी। देर शाम तक टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। कोतवाली प्रभारी जवाहर लाल ने बताया कि पुलिस टीम को धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी की तलाश है।